मुजफ्फरनगर में महिला एकता संगठन ने पुरकाजी के मेघा चंदन गांव में गौशाला के लिए अधिग्रहण की जाने वाली भूमि के विरोध में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर धरना दिया

पुरकाजी खादर क्षेत्र के मेघा चंदन गांव में काऊ सेंचुरी के लिए अधिकृत की जा रही भूमि प्रक्रिया का विरोध चल रहा है। महिला एकता संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में धरना शुरू कर दिया। राजस्व विभाग पुरकाजी खादर क्षेत्र में भूमि का अधिग्रहण कर रहा है। शुक्रवार को रिया किन्नर के नेतृत्व में महिला एकता संगठन से जुड़े कार्यकर्ता महिला और किन्नरों ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने की मांग की गई। इसके साथ ही अधिग्रहित भूमि के विरोध में डीएम कार्यालय पर धरना देते हुए जमकर नारेबाजी की।डीएम कार्यालय पर पहुंचकर आरोप लगाया कि राजस्व विभाग किसानों की भूमि को भी अधिकृत करने में जुटा हुआ है। कहा कि उन्हें बताया गया था कि सिर्फ सरकारी भूमि काऊ सेंचुरी में शामिल की जाएगी। लेकिन आम पट्टा धारक किसानों की भूमि भी उसमें शामिल की जा रही है। जो गलत है। इस तरह से किसान सड़क पर आ जाएगा, और उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।