बागपत। बागपत जिले में विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। स्वजन और ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में पड़े शव को ढूंढ निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। महिला के गले और चेहरे पर चोट के निशान हैं। घटना का मुकदमा अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया है।
बूढपुर गांव की रहने वाली रमूना सुबह 8.15 बजे लोकेंद्र निवासी इब्राहिमपुर माजरा के खेत में गन्ना छीलने गई थी। उसके कुछ ही देर बाद रमूना की 23 वर्षीय पुत्रवधू सुनीता पत्नी अंकित भी खेत में अगोले लेने के लिए पैदल ही चली गई। सुबह लगभग 10 बजे तक सुनीता न तो खेत में पहुंची और न ही घर लौटी तो स्वजन ने उसके फोन पर काल कर जानकारी लेनी चाही। लेकिन उसका मोबाइल स्विच आफ मिला। इसके बाद स्वजन की चिंता बढ़ गई और उन्होंने खेतों में सुनीता की तलाश शुरू कर दी। सुनीता के गायब होने की जानकारी थाने में दी गई।
पति अंकित ने बताया कि दोपहर लगभग 1.30 बजे बूढपुर गांव के सतपाल के गन्ने के खेत में उसकी पत्नी का शव पड़ा मिला। यह खेत लोकेंद्र के खेत से लगभग दो सौ मीटर पहले ही कच्चे रास्ते पर है। सुनीता की उसके ही दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई। उसकी ठोडी और बाईं आंख पर चोट के निशान थे, जिनमें से खून बह रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
सुनीता का पति अंकित हरियाणा के सोनीपत में एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। सुबह भी अंकित अपनी नौकरी पर चला गया था, लेकिन जैसे ही उसे पत्नी के लापता होने की जानकारी मिली तो वह आनन-फानन में गांव में पहुंचा और सुनीता की तलाश शुरू कराई। उसके दो साल का बेटा भी है।
घटना के बाद सुनीता के घर के आसपास मोहल्ले में रहने वाली महिलाओं का तांता लगा रहा। वे सुनीता के स्वजन को सांत्वना देती रहीं। उधर, पुलिस ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है। हाेली से एक दिन पहले इस घटना के बाद गांव का माहौल भी गमगीन बना हुआ है।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि खेत में गई महिला की हत्या कर दी गई। शव को बरामद कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपाेर्ट में ही हत्या के कारणों का पता चलेगा। सुनीता के पति ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया है।