मुजफ्फरनगर। पुरानी रंजिश को लेकर एक ही वर्ग दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। जिसमें जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। इस संघर्ष में दोनों पक्ष से चार महिला सहित 12 लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। गम्भीर हालत देखते हुए चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्राम नंगलाराई निवासी अशोक की पत्नि सरमिता ने थाने में दी तहरीर में बताया कि चार माह पूर्व लड़के की साली के साथ गौरी ने दुर्व्यवहार किया था जिसमें बुजुर्ग लोगों ने फैसला करा दिया था,लेकिन तभी से यह लोग रंजिश रखने लगे थे। आरोप है कि देर रात्रि वह, स्वजनों के साथ खाना खा रही थी। तभी गौरी,अर्जुन,आदेश पुत्रगण चरणसिंह व जोनी,रितिक पुत्रगण कलीराम ने अचानक घर में घुसकर लाठी-डंडो व धारदार हथियारों से यह कहते हुए जबरदस्त हमला कर दिया कि आज तुम्हे मजा चखाएंगे। जानलेवा हमले में पति व अन्य स्वजनों को बचाने पहुंची वह और पुत्रवधु मीनाक्षी घायल हो गयी। वही इस हमले में पुत्र अक्षय,कपिल,जसवीर,पति अशोक व ससुर राजपाल बुरी तरह घायल हो गए।
जबकि दूसरे पक्ष के चरणसिंह ने दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र अर्जुन व पुत्री काजल पैठ में सामान खरीदने गये थे। वहां पर गांव के ही जसबीर व अक्षय पुत्रगण अशोक,कल्लू व सतबीर पुत्रगण राजपाल ने दोनों पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। इस हमले पुत्र अर्जुन,गौतम, पुत्री काजल व पत्नि बालेश गम्भीररूप से घायल हो गए। पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षो में हुए संघर्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया। चिकित्सकों ने बुरी तरह घायल अक्षय व दूसरे पक्ष से गौतम,अर्जुन व बालेश पत्नि चरणसिंह को जिला अस्पताल रैफर कर दिया। इस मामले में सरमिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया। वही दूसरे पक्ष ने चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।