मेरठ। युवती ने जिस प्रेमी के लिए अपना धर्म बदल कर लव मैरिज की। अब उसी पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग करते हुए उसे घर से निकाल दिया है। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मेरठ के सरधना में एक गांव निवासी युवती ने मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया था। इसके बाद उसने बागपत के एक गांव निवासी युवक से शादी की थी। शादी होने के बाद महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया। अब वह अपने बच्चों के साथ ससुराल में रह रही थी।
शनिवार को पीड़ित महिला थाने पहुंची और पति व ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपने प्रेमी की खातिर मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाया था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसका उत्पीड़न किया जा रहा है। पीड़ित महिला ने बताया कि विरोध करने पर उसके पति और ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया है।
इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सरूरपुर देव सिंह रावत का कहना है कि अभी पीड़ित पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।