मेरठ।  परतापुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर घोपला गांव में शुक्रवार शाम सीढ़ी पर बंधे दुपट्टे से खेलते समय फंदा बन गया। इसमें गला घुटने से किशोर की मौत हो गई। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

कंचनपुर घोपला निवासी नीरज कुमार बिल्डिंग मैटेरियल का कारोबार करते हैं। उनका बड़ा बेटा 13 वर्षीय मंयक कुमार घर में खेल रहा था। इस दौरान वह सीढ़ी पर बंधे दुपट्टे पर झूलने लगा। अचानक ही दुपट्टे का फंदा बन गया और मयंक का गला घुट गया। उस समय परिजन घर में नहीं थे। जब तक परिजन वापस आए, मयंक की मौत हो चुकी थी। उसका शव दुपट्टे के फंदे से लटका था। शव देखते ही परिजनों की चीख निकल गई।

मयंक के पिता नीरज ने बताया कि हादसे में उनके बेटे की मौत हुई है। इसलिए उन्होंने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि परिजनों ने किशोर की मौत की सूचना पुलिस को नहीं दी। अंतिम संस्कार होने के बाद जानकारी मिली थी।