मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर जनपद में खतौली के गांव छछरपुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि मृतक युवक गुरुवार शाम से ही लापता था। उसका शव गांव के ही निकट एक खेत से बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक गत माह ही दुष्कर्म के एक मामले में जेल से जमानत पर छूटा था। गांव छछरपुर निवासी 23 वर्षीय सूरज पुत्र सोनवीर रंगाई-पुताई का काम करता था। वह गुरुवार शाम के समय करीब 7:30 बजे से अचानक लापता हो गया था। तभी से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
वहीं शुक्रवार को पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की तो गांव के निकट सतीश पुत्र मोहर सिंह के खेत की मेड के निकट उसका शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
सूचना मिलने पर फॉरेंसिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। बताया गया कि युवक अविवाहित था। उसकी हत्या से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।