मुजफ्फरनगर/भोपा। पुलिस ने कुख्यात सुशील मूंछ के करीबी मोरना ब्लॉक के प्रमुख, शराब माफिया और गैंगस्टर के आरोपी अनिल राठी की करीब 11 करोड़ 17 लाख 30 हजार 30 रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क कर ली है। आरोपी पर चार मुकदमे दर्ज है। कृषि भूमि के अलावा शहर में माधव विहार के मकान पर भी सील लगा दी गई है। वह लंबे समय से भाजपा में सक्रिय हैं।
गैंगस्टर अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। पुलिस ने करहेड़ा निवासी अनिल राठी की अवैध संपत्ति के खिलाफ अभियान चलाया। तहसीलदार जानसठ संजय सिंह, नायब तहसीलदार जसविंदर सिंह, कानूनगो ओम प्रकाश चौहान, लेखपाल अमित कुमार, रामपाल सिंह, विपिन कुमार,अजय गर्ग की टीम द्वारा ककरौली,बेहड़ा सादात, करहेड़ा, ककराला और मुजफ्फरनगर जानसठ अड्डे के निकट 521 वर्ग मीटर में बनाए गए मकान, स्कूल और बाग की संपत्ति पर कुर्की का बोर्ड लगा दिया। राठी का परिवार इन दिनों माधव विहार में रह रहा था।
गैंगस्टर एक्ट 14(1) के अंतर्गत कार्रवाई में लगभग 11 करोड़ 17 लाख 30 हजार 30 रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त की गई है। अनिल राठी नई मंडी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। जनपद स्तर पर पंजीकृत गैंग आईएस-199 का सदस्य है। अभियुक्त वर्ष 2003 से लगातार संगीन घटनाओं को अंजाम देता रहा है।
मुजफ्फरनगर। अभियुक्त अनिल राठी पर नकली शराब बनाने, दूसरे प्रांत से शराब की तस्करी करने, फर्जी लेबल व होलोग्राम लगाकर अवैध शराब तैयार कर तथा गैंग आईएस-199 के गैंग लीडर सुशील मूंछ के साथ मिलकर अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। संपत्ति अनिल राठी व उसके परिजनों के नाम पर पंजीकृत है। ब्लॉक प्रमुख अनिल कुमार राठी पर भोपा और नई मंडी थाने में चार मुकदमे दर्ज है।
भोपा। मोरना ब्लॉक प्रमुख अनिल राठी, कुख्यात सुशील मूछ सहित राजीव, सुनील, अनिल, ब्रह्मपाल, उदवीर निवासीगण करहेड़ा, राजेंद्र रामपुर तिराहा मुजफ्फरनगर, नेपाल निवासी किशन कुल आठ लोगों के विरुद्ध 2003 में अवैध शराब से संबंधित भोपा थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी को लेकर पुलिस की कड़ी कार्रवाई के चलते 2003 में ही अनिल प्रमुख, सुशील मूंछ सहित आठों के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्यवाही भी की थी। अनिल प्रमुख द्वारा गिरफ्तारी पर स्टे लिया गया था। स्टे पूरा होने पर 2021 में अनिल प्रमुख को न्यायालय में सरेंडर करना पड़ा था। सुशील मूंछ के मकान की पहले ही कुर्की हो चुकी है।
भोपा। करहेड़ा निवासी अनिल राठी जहां तीन बार मोरना ब्लॉक के प्रमुख रह चुके है, वहीं एक बार उनकी पत्नी बृजेश देवी भी प्रमुख रही है। वर्तमान में भी अनिल राठी प्रमुख है। साथ ही वरिष्ठ भाजपाइयों में भी गिने जाते हैं।
भोपा। करहेड़ा निवासी अनिल राठी और गांव मथेड़ी निवासी कुख्यात सुशील मूंछ का निकट का रिश्ता है। अनिल राठी सुशील मूंछ का ममेरा भाई है।