मुजफ्फरनगर। सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रालोद अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए पूछा कि डीएपी की फुल फार्म बता दीजिए। खाद के लिए प्रदेश में किसानों की लाइन लगी हुई है।
सूबे की नौ सीटों पर चल रहे उपचुनाव की जनसभाओं में सियासी तीर छोड़े जा रहे हैं। पिछले दिनों मीरापुर सीट पर चुनाव प्रचार में पहुंचे रालोद अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत सिंह ने सपा पर हमला बोला था। यह भी कहा था कि संविधान की बात करने वाले खुद कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। पीडीए का फुल फॉर्म पसर्नल डेवलपमेंट ऑफ एरा-गैर बताया था। रालोद अध्यक्ष के इस बयान ने खूब सुर्खियां बटोरी थी।
अब अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट में जयंत सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने देवरिया जिले की साधन सहकारी समिति का फोटो पोस्ट करते हुए लिखा है कि किसान कह रहा है, लगे हाथ डीएपी की भी फुल फार्म बता दीजिए। इससे शायद ये याद आ जाए कि खाद के लिए प्रदेश में किसानों की लाइन लगी है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों नेता गठबंधन के साथी थी, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में रालोद एनडीए में शामिल हो गया।
जिस कारण दोनों की राह अलग हो गई। लोकसभा चुनाव में भी दोनों के बीच बयानबाजी का दौर चला था। मुजफ्फरनगर लोकसभा के टिकट को लेकर दोनों नेताओं के बीच खींचतान शुरु हुई और सियासी गठबंधन टूट गया था।