भोपा। शुक्रवार रात मे कोहरे में भोपा के ब्रेड के सेल्समैन गौरी शंकर शर्मा (53) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।पत्नी पवित्रा शर्मा को गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार दिन पूर्व दोनों वृंदावन दर्शन को गए थे। शुक्रवार देर रात बाइक से घर लौट रहे थे।
कस्बा निवासी गौरीशंकर शर्मा कस्बे में ब्रेड सप्लाई करते थे। चार दिन पूर्व 8 जनवरी को वह अपनी पत्नी पवित्रा शर्मा के साथ वृंदावन दर्शन करने गए थे। शुक्रवार को ट्रेन लेट हो जाने के कारण वह देर से मुजफ्फरनगर पहुंचे।
चार दिन पूर्व गांव से जाते समय उन्होंने अपनी बाइक मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन के निकट वाहन पार्किंग में खड़ी कर दी थी। शुक्रवार की रात ट्रेन से उतरने के बाद रात में ही वह बाइक से घर लौट रहे थे, जैसे ही वह जट मुझेड़ा-कासमपुरा के बीच पहुंचे तो अज्ञात वाहन चालक ने उनकी बाइक मे टक्कर मार दी, जिसमें गंभीर चोटों के कारण गौरी शंकर की मौत हो गई और पत्नी पवित्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना के बाद ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने वाहन व वाहन चालक का पता लगाने को जांच पड़ताल शुरू कर दी हैं। कुछ वाहन चालकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ भी की हैं। परिवार में घायल पत्नी पवित्रा सहित एक बेटा आकाश है। शुकतीर्थ श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। गोरीशंकर समाज सेवी थे। कांवड शिविरों में सहयोग करते थे।