शाहपुर(मुजफ्फरनगर)। जमीयत उलमा-ए-हिंद के जिलाध्यक्ष मौलाना कासिम ने नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद अकरम कुरैशी को नगर उपाध्यक्ष पद सहित प्रारंभिक सदस्यता से बर्खास्त कर दिया है। कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए होर्डिंग लगवाने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
शाहपुर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद अकरम कुरैशी ने तीन दिन पूर्व कस्बे में कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए होर्डिंग लगवाए थे। इन पर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित अन्य भाजपा नेताओं के फोटो लगे थे। इसके विरोध में भाजपा मंडल अध्यक्ष एकांश त्यागी ने पार्टी की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष के विरुद्ध तहरीर दी थी।

इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा लगाए गए होर्डिंग उतरवा लिए गए थे। जमीयत उलमा-ए-हिंद के जिला महासचिव मौलाना मुकर्रम ने बताया कि जिला अध्यक्ष मौलाना कासिम ने शाहपुर चेयरमैन हाजी अकरम कुरैशी उर्फ कल्लू को नगर उपाध्यक्ष पद के अलावा जमीयत की प्रारंभिक सदस्यता से बर्खास्त किया है। कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए होर्डिंग लगवाने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।