मुजफ्फरनगर । मौसम में बदलाव से दिन का तापमान 27.7 डिग्री तक लुढ़क गया। पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद गंगा खतरे के निशान पर बह रही है। वही गंगा में जलस्तर बढ़ने से गंगा बैराज के पानी से अहमदवाला तटबंट पर कटान होने लगा है। गंगा बैराज के निकट के गांव अहमदवाला, हंसावाला, छिलौर, चुहापुर-फरीदपुर, धर्मपुरा कदीम व जदीद में फसलें जलमग्न हो गई है।

शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री रहा। बरसात एक मिमी रिकॉर्ड की गई। पिछले तीन दिन में अब तक 78 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।

शनिवार को कभी धूप और कभी छांव रही। शाम के समय बारिश हुई। देर रात तक कहीं तेज को कहीं हल्की बारिश हुई।
पहाड़ों पर बारिश के कारण गंगा बैराज पर जलस्तर दूसरे दिन चेतावनी बिंदु से 30 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। शनिवार शाम तीन बजे हरिद्वार से करीब 124615 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। सिचाई विभाग के अधिकारियों ने शाम करीब चार बजे गंगा नदी के डाउनस्ट्रीम में 219.80 मीटर और गंगा नदी के निस्सारण की 174849 क्यूसेक माप दर्ज की। गंगा बैराज में अत्यधिक सिल्ट आने के कारण मध्य गंगा नहर को बंद कर दिया गया।

सिचाई विभाग के अधिकारी गंगा बैराज कंट्रोल रूम पर बार-बार पानी की स्थिति का जायजा ले रहे है। एसडीएम जानसठ सुबोध कुमार ने बताया कि वर्षा के कारण गंगा बैराज का जलस्तर घट बढ़ रहा है। सिचाई विभाग के अधिकारी निरंतर बांध का मरम्मत कार्य करा रहे है।