मुजफ्फरनगर। खतौली विधानसभा उपचुनाव को लेकर विगत कई दिनों से चल रहा चुनाव प्रचार शनिवार की शाम को थम गया है। पांच दिसंबर में मतदान होगा। इसके लिए आज रविवार में पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। आखिरी दिन प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने दमखम दिखाया।
खतौली विधानसभा उपचुनाव को लेकर करीब एक पखवाड़े से चल रहे चुनाव प्रचार पर शनिवार को विराम लग गया। इस बीच राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में रैलियां एवं नुक्कड़ सभाएं कीं। आखिरी दिन भी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी एवं वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने चुनावी सभाएं की। इसके अलावा विपक्ष से रालोद एवं सपा के नेताओं ने क्षेत्र में जनसंपर्क किया। शनिवार को चुनाव प्रचार थम जाने के साथ ही अब फैसला मतदाताओें को करना है। क्षेत्र के तीन लाख 12 हजार मतदाता 170 मतदान केंद्रों में बने 369 बूथों पर मतदान करेंगे। इसके लिए पोलिंग पार्टियां रविवार को रवाना होगी। जिला एवं पुलिस प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है।