मुज़फ्फरनगर : मीरापुर विधानसभा के उपचुनाव की मतगणना नवीन मंडी स्थल पर शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। रालोद प्रत्याशी मिथलेश पाल और सपा प्रत्याशी सुम्बुल राना के बीच मुख्य टक्कर है।

उपचुनाव में 57.10 प्रतिशत मतदान हुआ है। तीन लाख 24 हजार 571 मतदाताओं में से एक लाख 85 हजार 322 ने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव मैदान में कुल 11 प्रत्याशी थे, लेकिन मतदान के बाद रालोद और सपा प्रत्याशी के बीच सीधे मुकाबले के आसार नजर आ रहे हैं। बसपा और आसपा के मतों पर भी सबकी निगाह टिकी है। असल में उपचुनाव के नतीजों को 2027 के मुख्य चुनाव के नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। पहले पोस्टल बैलेट और फिर ईवीएम के मतों की गिनती होगी। एक टेबल पर चार कर्मचारी तैनात रहेंगे। एसएसपी अभिषेक सिंह, एडीएम प्रशासन और अन्य अधिकारियों ने नवीन मंडी स्थल पर पहुंचकर मतगणना की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

एहतियात के तौर पर टिकैत चौक से विश्वकर्मा चौक पर वाहनों का आवागमन मतगणना के दौरान बंद रखा जाएगा। वाहनों को अन्य वैकल्पिक मार्गों से निकालने के लिए पुलिस की ओर से एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है।