मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर नगर पालिका के सीमा विस्तार को शासन स्तर से हरी झंडी मिल ही गई। नगर पालिका द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में शहर की आउटर पर स्थित कालोनियों सहित 15 गांवों को शामिल किया गया है। इनमें 10 गांव पूर्णरूप से मुजफ्फरनगर शहर में शामिल किए गए है, जबिक पांच का कुछ हिस्सा शामिल किया गया। हालांकि बताया जा रहा है कि नगर पालिका द्वारा भेजे प्रस्ताव पर शासन स्तर पर भी कुछ संशोधन किया गया है। शासन स्तर से गुरुवार देर शात इस संबंध में पत्र जारी हुआ है। ईओ नगर पालिका ने इसकी पुष्टि की है।

नगर पालिका के सीमा विस्तार और नगर निगम बनाने के लिए पिछले कई साल से तैयारियां चल रही है। गुरुवार की देर शाम शासन स्तर से मुजफ्फरनगर नगर पालिका के सीमा विस्तार को हरी झंडी मिल गई है। बता दें कि शासन ने अभी कुछ दिन पहले ही नगर पालिका द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में कुछ संशोधन के प्रस्ताव मांगे गए थे। नगर पालिका ने दो दिन के भीतर ही संशोधन कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया था। इस मामले को लेकर गुरुवार को नगर पालिका ईओ हेमराज सिंह को को लखनऊ बुलाया गया। जिस पर उन्होंने कुछ बिन्दुओं पर जानकारी मांगी गई।

बताया जा रहा है कि इसके बाद शासन स्तर पर इस प्रस्ताव में कुछ संशोधन किया है। ईओ हेमराज सिंह ने लखनऊ से ही फोन पर बताया कि शासन ने सीमा विस्तार को स्वीकृति दे दी है। देर शाम इसका पत्र भी जारी कर दिया है। अभी यह पत्र जिला प्रशासन के पास नहीं आया है। ईओ ने बताया कि प्रस्तावित सीमा विस्तार को आपत्तियों का निस्तारण के बाद केबिनेट की बैठक में रखा जाएगा।

सीमा विस्तार के लिए यह गांव किए शामिल
नगर पालिका मुजफ्फरनगर के सीमा विस्तार के लिए तैयार किए गए प्रस्ताव में करीब 15 गांव को शामिल किया है। जिसमें मुजफ्फरनगर शहर काली नदी पार का कुछ क्षेत्र समेत 14 गांव को लिया गया है। पालिका के भेजे गए सीमा विस्तार के मुताबिक वहलना, मीरापुर, मंधेडा, खांजापुर, मुस्तफाबाद, साहवली, कुकड़ा, अलमासपुर, बीबीपुर, शेरनगर को पूरी तरह से नगर पालिका सीमा में शामिल कर लिया गया है। जबकि सरवट, बिलासपुर, सूजड़ू बिलासपुर शाहबुददीन पुर का कुछ भाग शामिल किया गया है। इन्हे आंशिक रूप से शामिल किया गया है।

सीमा विस्तार के बाद 5.19 लाख हो जायेगी शहर की आबादी नगर पालिका द्वारा सीमा विस्तार के लिए तैयार किए प्रस्ताव पर यदि शासन की मोहर लगती है तो यहां की आबादी में करीब 1.52 लाख की बढोत्तरी हो जाएगी। वर्तमान में नगर पालिका की आबादी करीब 3.67 लाख है। सीमा विस्तार के बाद यह आबादी करीब 5.19 लाख हो जाएगी।

पचास वर्ग किलोमीटर में होगा शहर का क्षेत्रफल
शहर का क्षेत्रफल भी बढ जाएगा। वर्तमान में नगर पालिका का क्षेत्रफल करीब 12 वर्ग किलो मीटर है। सीमा विस्तार के बाद करीब 50 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल हो जाएगा।