मुजफ्फरनगर।  प्रेम-संबंधों के शक में जीजा ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर साली प्रियंका (21) की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव जला दिया। पुलिस ने मेरठ के सरधना क्षेत्र से गंगनहर किनारे जली अवस्था में अवशेष बरामद किए। आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मेरठ के मवाना क्षेत्र के गांव कौल निवासी आशीष की शादी बुढ़ाना क्षेत्र के गांव बवाना निवासी पारुल के साथ हुई थी। 21 जनवरी को आशीष अपने दो साथियों के साथ ससुराल पहुंचा और घुमाने के बहाने जबरन अपनी साली प्रियंका को साथ ले गया था।

कई दिन बीत जाने के बावजूद प्रियंका वापस नहीं लौटी तो उसके पिता ऋषिपाल ने शुक्रवार को दामाद और उसके दो साथियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने छानबीन शुरू की। आशीष को पकड़कर पूछताछ की तो हत्या की वारदात का खुलासा हुआ।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे प्रियंका के किसी के साथ प्रेम संबंधों का शक था। इसी वजह से उसका अपहरण कर सरधना क्षेत्र के जंगल में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जला दिया था। पुलिस आरोपी को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची और जली अवस्था में कुछ हड्डियां और खोपड़ी बरामद की। आरोपी आशीष, सरधना के मंढियाई उर्फ कमरूद्दीननगर निवासी शुभम और दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।