मुजफ्फरनगर।  गणतंत्र दिवस पर मुजफ्फरनगर का माहौल देशभक्ति के रंग में डूब गया है। नगरपालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप और अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों को विशेष रूप से सजाया गया है। चौराहों की यह सजावट शहर की सुंदरता को निखारती है।

शहर के विभिन्न चौराहों को राष्ट्रीय ध्वज, रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और देशभक्ति के प्रतीकों से सजाया गया है। इनमें झांसी की रानी, अहिल्याबाई चौक, बचन सिंह चौक, महावीर चौक, मालवीय चौक और प्रकाश चौक जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इनके अलावा नगर पालिका की बिल्डिंग को भी बड़े अच्छे से सजाया गया है।

इन चौराहों को देखकर हर कोई गर्व और उत्साह से भर रहा है। चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने इस मौके पर कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान और लोकतंत्र की ताकत का प्रतीक है। इसे मनाने का उद्देश्य न केवल हमें अपने अधिकारों की याद दिलाना है, बल्कि अपनी जिम्मेदारियों को समझने का भी है। ईओ प्रज्ञा सिंह ने कहा कि हमने इस बार सजावट में स्वच्छता और पर्यावरण का भी खास ध्यान रखा है। सजावट में प्लास्टिक का उपयोग न के बराबर किया गया है और सभी चौराहों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाए गए हैं। हमारी यह कोशिश है कि शहर के नागरिकों को साफ-सुथरा और सुंदर माहौल मिले।

नगरपालिका की इस पहल को शहरवासियों की ओर से खूब सराहना मिल रही है। स्थानीय निवासी और व्यापारी ने कहा कि पहली बार ऐसा महसूस हो रहा है कि गणतंत्र दिवस केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शहर में इसे महसूस किया जा सकता है। चौराहों की यह सजावट हर किसी को इस दिन की अहमियत बताती है।’ इससे इतर, गणतंत्र दिवस के मौके पर रविवार को शहर एवं ग्रामीण इलाकों में कई सांस्कृतिक और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में झंडारोहण के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। नगरपालिका की इस पहल ने गणतंत्र दिवस के उत्साह को एक नया आयाम दिया है।