मुजफ्फरनगर। एसएसपी कार्यालय से यातायात बाइक रैली निकाल कर बृहस्पतिवार को यातायात माह का समापन हुआ। एसएसपी संजीव सुमन व एसपी यातायात कुलदीप सिंह ने यातायात रैली को हरी झंडी दिखाई।
एसएसपी ने यातायात माह में स्कूलों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस ने 5491 वाहनों के चालान किए। 78 लाख 43 हजार 300 रुपये का शमन शुल्क करते हुए 4 लाख 38 हजार 800 रुपये शमन शुल्क वसूल किया।
एसएसपी ने कहा कि नवंबर माह यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। एक नवंबर से शुरू यातायात माह का बृहस्पतिवार को समापन किया गया। यातायात माह के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों व स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने के लिए जागरूक किया।
किसानों के वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए। स्कूलों में अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया। हादसों से बचने के लिए उपाय व तेज गति से वाहन ना चलाने की अपील की। पुलिसकर्मियों के भी वाहनों के चालान काटे गए।
एसएसपी संजीव सुमन ने मुख्य आरक्षी स्व. होतीलाल शर्मा के पुत्र कमल किशोर शर्मा और मुख्य आरक्षी चालक स्व. धर्मवीर सिंह के पुत्र रविंद्र कुमार बंसल को आरक्षी के पद पर अस्थायी रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया। यह नियुक्ति पत्र मृतक सरकारी सेवकों के आश्रितों की भर्ती नियमावली के तहत दिए गए। होतीलाल शर्मा व धर्मवीर सिंह का 2019 में निधन हुआ था।
उप निरीक्षक सत्यप्रकाश शर्मा थाना जानसठ, देवी सिंह थाना भोपा, मुख्य आरक्षी जोगेंद्र सिंह पुलिस लाइन व शीशपाल सिंह बृहस्पतिवार को सेवानिवृत्त हो गए। सभी पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन सभागार में विदाई दी गई। इस दौरान सीओ कार्यालय शरद चंद्र शर्मा व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।