मुजफ्फरनगर । किसान संतरपाल देशवाल के इकलौते बेटे नायक विवेक देशवाल की मौत से गम का माहौल है। विवेक ने शनिवार सुबह करीब 11 बजे पिता से फोन पर बातचीत की थी। बेटे ने कहा था कि कल भैया दूज है। बुआ के घर शामली कोथली लेकर जाओगे तो आराम से जाना। इसके बाद दोबारा पिता की बात नहीं हुई।
नौ साल पहले विवेक सेना में भर्ती हुआ था। इकलौते बेटा अपने परिवार का सहारा था। हंसी-खुशी से जिंदगी गुजर रही थी, लेकिन निधन के समाचार से परिवार को गहरा सदमा लगा है। परिवार के लोगों ने बताया कि उन्हें सेना की ओर से कॉल कर जानकारी दी गई है।
नायक की शादी 2016 में धीराहेडी निवासी इंदु के साथ हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। पांच वर्षीय पुत्र रुद्र और तीन साल की बेटी सान्वी है। शहीद लांस नायक की माता लोकेश का अप्रैल माह में बीमारी के चलते निधन हो गया था, तब वह अवकाश लेकर घर आया था। पत्नी और बच्चे गांव के घर पर ही रह रहे थे।