
मेरठ। भाजयुमो मुजफ्फरनगर के जिला उपाध्यक्ष के साथ नेशनल हाईवे पर देर रात कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। आरोपियों ने पीड़ित की पत्नी के साथ भी अभद्रता की। पुलिस को देख आरोपी फरार हो गए। पीड़ित ने थाना पल्लवपुरम में तहरीर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जानसठ निवासी अंकुर पाल भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा मुजफ्फरनगर में जिला उपाध्यक्ष हैं। कंकरखेड़ा की अमोलिक कॉलोनी में उनकी ससुराल है। गुरुवार को रक्षाबंधन पर वह पत्नी सविता के साथ ससुराल आए थे।
अंकुर ने बताया रात करीब 11 बजे वह पत्नी के साथ अपने घर जा रहे थे। मोदीपुरम चौकी के पास वह गाडी को साइड में लगाकर फोन पर बात करने लगे। इसी बीच दो युवक पीछे से तेज गति से स्कूटी पर आए और उनकी कार मे टक्कर मार दी।
अंकुर ने विरोध किया तो युवकों ने अपने साथियों को भी बुला लिया और अंकुर के साथ मारपीट कर दी। थानाध्यक्ष राजेश कांबोज ने बताया कि पुलिस स्कूटी के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
धमाकेदार ख़बरें
