मुजफ्फरनगर। भाकियू की मासिक पंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि जिस किसी का संगठन में मन नहीं लग रहा है तो वह घर बैठ जाए, परंतु संगठन के साथ गद्दारी न करें। जो संगठन छोड़कर चले गए हैं वह आज परेशान हैं। उन्होंने संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर 31 जुलाई को चक्का जाम करने की घोषणा की।
रविवार को सिसौली के किसान भवन में भाकियू की मासिक पंचायत हुई। किसानों को संबोधित करते हुए चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 31 जुलाई को देशभर में चक्का जाम किया जा रहा है। भाकियू कार्यकर्ता सभी जगह चक्का जाम करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि विद्यार्थी, महिला, मरीज व बरात को परेशान न किया जाए। उनके साथ किसी भी तरह की बदतमीजी न हो। इन लोगों को रोका न जाए। शांतिपूर्ण ढंग से निर्धारित बिंदु पर ही जाम किया जाए। नीचे क्लिक कर देखें वीडियो
उन्होंने कहा कि इस सरकार में किसान सबसे ज्यादा दुखी है। खेती घाटे का सौदा हो रही है। उत्तर प्रदेश में बिजली सभी राज्यों से सबसे ज्यादा महंगी है। ऐसे में किसान कहां तक बिजली का बिल दे पाएगा। इसके साथ ही उन्होंने किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि सन 1987 से यह संगठन चल रहा है। इस संगठन को जो भी छोड़कर चले गए, वह आज परेशान हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा की जरा-जरा सी बात पर मान सम्मान की बात आ जाती है। जो लोग संगठन छोड़कर चले गए, उन्होंने हमारा मान सम्मान नहीं किया। संगठन छोड़कर जाना गद्दारी है। यदि किसी का मन नहीं लग रहा है तो वह अपने घर बैठ जाए। संगठन से गद्दारी मत करे। पंचायत की अध्यक्षता ठाकुर जगत सिंह व संचालन मास्टर ओमपाल बंजी ने किया।