बागपत। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत कस्बा टीकरी में रणधीर सिंह के आवास पर हवन में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि किसान सड़कों पर हैं। इसलिए सरकार को बातचीत कर किसानों की समस्या का समाधान करना चाहिए।
नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याएं सुननी चाहिए। आज धरने को एक सौ पांच दिन हो चुके हैं। सरकार हठधर्मिता छोड़कर बातचीत करके समस्या का समाधान करें। हम चाहते हैं कि सरकार का भी सम्मान रहे, हमने हमेशा इस सरकार का सहयोग किया है। सरकार से बहुत उम्मीदें थीं लेकिन वह खरी नहीं उतर रही। किसानों पर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में अच्छे लोगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
सरकार नरेंद्र मोदी और अमित शाह के हाथ में है। आजादी के बाद कभी इतनी बड़ी पंचायतें नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि किसान खेत-खलिहान और घर छोड़कर सड़कों पर हैं। इससे बड़ा दुर्भाग्य किसान का और क्या हो सकता है। दिल्ली में बातचीत के बाद संयुक्त किसान मोर्चा जो फैसला लेगा, उसके अनुसार आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। कहा कि जब तक केंद्र में भाजपा की सरकार है, तब तक कानूनों के साथ छेड़छाड़ न की जाए। एमएसपी पर कानून बन जाए, किसानों के मुकदमे वापस लिए जाएं तो समाधान निकल सकता है। सरकार का रवैया किसानों के प्रति ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो किसान भी पीछे नहीं हटेंगे। केंद्र सरकार सड़कें बंद करा रही है। जिससे आमजन को भी हानि पहुंच रही है। किसान कभी किसी को हानि नहीं पहुंचा सकता है। इस अवसर पर विजय सिंह, मांगेराम, ईश्वर सिंह, पदम, बिल्लू, नरेश तोमर, उपेंद्र मंत्री आदि मौजूद रहे।