मुजफ्फरनगर। लगातार चौथे दिन भी रुक-रुककर बरसात होती रही। जिले में 20 मिमी बरसात रिकॉर्ड की गई है। दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री कम हो जाने के कारण ठंड बढ़ गई है। बारिश के बाद सर्दी ने भी दस्तक दे दी है।

सोमवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहा था। शनिवार को न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री रहा था, जबकि रविवार रात का तापमान 18.6 डिग्री तक पहुंच गया। जिससे रात के समय ठंडक बढ़ गई है। सोमवार को दिनभर बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त रहा। सड़कों पर वाहनों की संख्या भी कम रही। बाजारों में लोगों की आवाजाही भी कम हुई। बारिश के कारण शहर से लेकर देहात तक सड़कों पर कीचड़ रही, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह तेज बारिश के कारण जल निकासी की पोल खुल गई। जिले में चल रही अग्निवीर भर्ती परीक्षा रैली भी बारिश के कारण स्थगित कर दी गई। दिनभर स्टेडियम में ट्रैक सुखाने का प्रयास किया जाता रहा।