सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ लोकभवन में आयोजित समारोह में नवचयनित पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र दिए। इस मौके पर उन्‍होंने पुलिसक‍र्मियों को पूरी ईमानदारी और मेहनत से अपनी ड्यूटी करने का संदेश देते हुए कहा कि उत्‍तर प्रदेश में कानून का राज है। आज यहां सड़क पर नमाज नहीं होती तो हनुमान चालीसा भी नहीं होती है।

सीएम ने कहा कि सरकार ने जब निर्णय लिया कि धर्मस्‍थलों से लाउडस्‍पीकर उतरेंगे। कोई विश्‍वास नहीं करता था लेकिन एक हफ्ते के अंदर 1:20 लाख लाउडस्‍पीकर अपने आप उतर गए। यह एक सपना था लेकिन यूपी के लोगों यह होते देखा।

उन्‍होंने कहा कि पिछले 6 वर्षों में उत्तर प्रदेश देश के ग्रोथ इंजन के रूप में सामने आया है तो इसकी एक बड़ी वजह प्रदेश की सुदृढ़ कानून व्यवस्था भी है। वह लिपिकीय संवर्ग में पुलिस में भर्ती हुए 1148 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे थे।

समारोह में 35 पुलिसकर्मियों को सीएम के हाथ से नियुक्ति पत्र मिले। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 217 उप निरीक्षक (गोपनीय) 587 सहायक उप निरीक्षक (लिपिक) और 344 सहायक उप निरीक्षक (लेखा) समेत कुल 1148 को आज नियुक्ति पत्र दिए गए।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी विजय कुमार, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड की अध्यक्ष रेणुका मिश्रा समेत कई अन्य महत्‍वपूर्ण लोग मौजूद रहे।