कीव. रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग लंबे समय तक खिंच गई है। न ही रूस पीछे हटने को तैयार है और न ही यूक्रेन झुकने को। ऐसे में यूक्रेन में भारी तबाही जारी है। इस बीच यूरोपीय संसद की अध्यक्ष रोबर्टा मेत्सोला कीव के लिए रवाना हो गई हैं। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने ऑस्ट्रेलिया, नीरदलैंड व बेल्जियम की संसद को संबोधित करते हुए कहा कि मैं अभी भी रूस के खिलाफ ठोस कदमों का इंतजार कर रहा हूं। हमें हमलावर पर तब तक दबाव बनाना होगा जब तक उसकी आक्रामकता न खत्म हो जाए।
यूक्रेन में अब तक 153 बच्चों की मौत
यूक्रेन के महाधिवक्ता कार्यालय के मुताबिक, रूस की ओर से किए गए हमले के बाद से अब तक यूक्रेन में 153 बच्चों की मौत हो चुकी है। वहीं 254 बच्चे घायल हैं। बच्चों को सबसे ज्यादा नुकसान कीव, दोनेत्स्क, खारकीव, चर्नीहीव में हुआ है।
यूक्रेन ने रूस के तेल डिपो पर किया हमला
यूक्रेन की सीमा से जुड़े हुए रूसी शहर बेल्गोरोद के गवर्नर ने दावा किया है कि, उनके यहां के एक तेल डिपो पर यूक्रेनी सेना की ओर से एयरस्ट्राइक की गई है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के हेलीकॉप्टरों ने इस पर हमला किया। दरअसल, शुक्रवार सुबह यहां के तेल डिपो में भयानक आग की खबरें सामने आई थीं।
रूस के खिलाफ जॉर्जिया भी लागू करेगा आर्थिक प्रतिबंध
रूस के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाने वाले देशों में अब जॉर्जिया भी शामिल हो जाएगा। जॉर्जिया के राष्ट्रपति की ओर से एलान किया गया है कि, जॉर्जिया रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लागू करेगा। हालांकि, अभी तक इस देश ने प्रतिबंधों को लागू करने से इंकार किया था।
रूस और बेलारूस की करेंसी एक होगी- रिपोर्ट
यूक्रेन से चल रही जंग के बीच रूस और बेलारूस की करेंसी एक होने जा रही है। रूसी मीडिया के हवाले से सामने आ रहीं खबरों के मुताबिक, जल्द ही दोनों देशों की मुद्रा एक हो सकती है।
रूस के तेल डिपो में लगी आग
रूस के शहर बेल्गोरोद स्थित एक तेल डिपो में जबरदस्त आग लगी है। यह शहर यूक्रेन की सीमा से 12 किमी दूर है। शहर के गवर्नर का कहना है कि, आग भीषण है। इससे काफी धुआं निकल रहा है।
36 दिन बाद भी हम खड़े हैं, हम लड़ते रहेंगे- जेलेंस्की
जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, हमने दुश्मन की अपेक्षा से अधिक इस जंग को सहन किया है। वे सोचते थे कि तीन से पांच दिन यूक्रेन पर कब्जे के लिए पर्याप्त होंगे, लेकिन हम 36 दिन बाद भी खड़े हैं। हम लड़ते रहेंगे।
पुतिन ने अपने सलाहकारों को नजरबंद किया- बाइडन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को लेकर जारी अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट पर टिप्पणी करते हुए राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि, पुतिन को यूक्रेन की जमीनी हकीकत की सही जानकारी नहीं दी गई। इसलिए उसने अपने कई सलाहकारों को निकाल दिया होगा या फिर नजरबंद कर दिया होगा। इतना ही नहीं पुतिन को खुद को सबसे अलग कर लिया होगा।
खारकीव में गैस पाइपलाइन पर हमला
खारकीव में रूसी सेना की ओर से जोरदार हमला बोला गया है। खबर के मुताबिक, रूसी सेना गैस पाइपलाइन पर मिसाइल से हमला कर रही है।
यूक्रेन में अब तक 1232 नागरिकों की मौत- यूएन
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय के मुताबिक, रूस-यूक्रेन जंग में आम नागरिकों को बहुत नुकसान हुआ है। यूक्रेन में अब तक 1232 नागरिकों की मौत हो चुकी है। वहीं, 1935 लोग घायल हैं।
हमें सोचना होगा जंग के बाद यूक्रेन कैसा होगा- जेलेंस्की
रूसी हमले के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, अभी तक जो कुछ भी हुआ हो। हमें यह सब भुलाकर भविष्य के बारे में सोचना होगा। इस युद्ध के बाद यूक्रेन कैसा होगा। हमारा जीवन कैसा होगा। यह हमारे भविष्य के लड़ाई है।
अब यूक्रेन ने रूस में घुसकर किया हमला, सीमा से लगे शहर पर की एयरस्ट्राइक
रूस-यूक्रेन जंग का आज 38वां दिन है। इस बीच यूक्रेनी विदेश मंत्रालय की ओर से पुष्टि की गई है कि रूसी हवाई हमलों में यूक्रेन के अब तक 15 एयरपोर्ट बर्बाद हो चुके हैं।