मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर-बड़ौत मार्ग पर निरमानी गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल है। दोनों कांवड़िए सोनीपत से हरिद्वार के लिए निकले थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घायल कांवड़िए को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
सोनीपत निवासी सोनू (31) अपने साथी संजीव के साथ बाइक पर सवार होकर गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार जा रहा था। देर रात जब वह निरमानी गांव के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों कांवडिय़ों को उपचार के लिए सीएचसी ले गई। डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि संजीव का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है।