मुजफ्फरनगर। हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले कांवड़ियों की संख्या बढ़ने लगी है। इसी के चलते पुलिस ने भी सुरक्षा के मद्देनजर व्यवस्था बनानी शुरू की है। शनिवार अलसुबह पांच बजे से मेरठ से हरिद्वार जाने वाले वाहनों के लिए वन वे किया गया है। अब इस हाईवे पर एक तरह ही वाहन चल सकेंगे।
शिव भक्त कांवड़िए हजारों की संख्या में मुजफ्फरनगर से हरिद्वार के लिए रवाना हो रहे है। पवित्र गंगा जल लेकर हरिद्वार से हजारों की संख्या में कांवड़िए भी वापस अपनी मंजिल की ओर लौट रहे है। रोजाना शिव चौक से भारी संख्या में कांवड़िए जा रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने शनिवार की अल सुबह से दिल्ली-हरिद्वार हाइवे पर वन-वे यातायात चलाने का निर्णय लिया हैं। वन-वे मेरठ से किया जाएगा, जो मुजफ्फरनगर के बाइपास से होकर रामपुर तिराहा होते हुए छपार से पुरकाजी और हरिद्वार वाहन निकल जाएंगे। मेरठ से आने वाले बाएं मार्ग पर वाहन चलेंगे जबकि दाएं मार्ग पर हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों का जत्था चलेगा। व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई हैं।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि सुबह पांच बजे से वन वे शुरू हो जाएगा। मेरठ से हरिद्वार जाने वाले वाहन मेरठ से वाया मवाना, रामराज, देवबंद मार्ग से जाएंगे। इस मार्ग को भारी वाहनों के आने जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है। हाईवे पर कोई भी भारी वाहन नहीं चलेगा।