मेरठ. बारिश के चलते भीषण गर्मी से वेस्ट यूपी के लोगों को राहत मिली है। अभी तीन दिन और राहत की बारिश के आसार हैं। मेरठ और आसपास के जिलों में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार की रात से शुरू हुई झमाझम बारिश ने मौसम का रुख बदलकर रख दिया था। कई स्थानों पर पेड़ आदि के टूटकर गिरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। जलजमाव भी हो गया है। शनिवार को पूरे दिन मौसम में बदलाव बना रहेगा।
आंधी और बारिश से जनपद के मौसम ने शुक्रवार को अचानक करवट ले ली। मेरठ में पहली और अच्छी प्रीमानसून बारिश रिकार्ड की गई। दिन में कुछ देर को छोड़ दें अधिकांश समय बादल छाए रहे। मौसम तीन बजे के बाद सुहाना हो गया।पिछले 24 घंटे की तुलना में अधिकतम तापमान आठ डिग्री धड़ाम हो गया। प्रदेश में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ में अधिकतम तापमान सबसे कम चढ़ा। देहरादून और मेरठ के तापमान में मामूली 0.3 डिग्री का अंतर रह गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से पांच डिग्री कम है।