पीलीभीत। एक सिपाही ने महिला सिपाही को प्रेम में फंसाकर शादी का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बना लिए। इसके शादी से मना कर दिया। इस पर महिला सिपाही ने 22 अप्रैल को सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सिपाही की गिरफ्तारी को लेकर कोतवाली पुलिस बागपत रवाना हो गई है।

बागपत के मूल निवासी सिपाही मोहित खोखर की पूरनपुर कोतवाली में तैनाती के दौरान एक महिला सिपाही से दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच प्रेमप्रसंग हो गया। मोहित ने महिला सिपाही को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। 2020 में महिला सिपाही का ट्रांसफर महिला थाना पीलीभीत के लिए हो गया और शहर में एक किराए के मकान में रहने लगी। इसके बाद भी आरोपी किराए के मकान में आता रहा। मई 2021 में आरोपी भी पीलीभीत स्थानांतरण पर आ गया।

आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब महिला सिपाही ने शादी करने को कहा तो वह टालमटोल करने लगा और अवकाश लेकर घर चला गया। फोन भी बंद कर लिया। महिला सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने मोहित खोखर, उसके परिवार के अरुण, देवराज और कारलोस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। अभी तक सिपाही की गिरफ्तारी नहीं हो पाई। कोतवाली पुलिस सिपाही की गिरफ्तारी को उसके घर रवाना हो गई है। शहर कोतवाल हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि सिपाही की गिरफ्तारी को टीम भेजी गई है। जल्द ही गिरफ्तारी हो जाएगी।