मुजफ्फनगर। होली और शब-ए-बरात पर सुरक्षा के मद्देनजर मुजफ्फरनगर जिले को 20 जोन और 60 सेक्टरों में बांटा गया है। अतिरिक्त पुलिसबल की व्यवस्था रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों के लिए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का प्लान तैयार किया है।
होली और शब-ए-बरात एक ही दिन मनाए जाएंगे। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। बुधवार को दोनों पर्व मनाएं जाएंगे। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस भ्रमण करती रहेगी। टीमें शरारती तत्वों पर नजर रखेंगी। होली पर जिलेभर में 13 स्थानों पर जुलूस निकाले जाएंगे। नौ स्थानों पर मेलों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा के लिए सभी स्थानों पर पुलिस तैनात रहेगी। जिलेभर में करीब 1200 स्थानों पर होलिका पूजन किया जाएगा।
होली और शब-ए-बरात पर्व पर पुलिस और खुफिया विभाग ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डे, मुख्य चौराहों, होटल, ढ़ाबों, भीड़ वाले व संवेदनशील क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध दिखने वाले लोगों की तलाशी भी ली।