मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने महमूदनगर से लापता दोनों बच्चों को कानपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चे ट्रैन में बैठकर कानपुर पहुंच गए थे। पुलिस ने बच्चों की तलाश में शहर के लगभग सौ सीसीटीवी कैमरे खंगाले थे।बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला महमूदनगर निवासी डुग्गी पुत्र राजू उर्फ भैया व अमन पुत्र राजन एक सप्ताह पूर्व घर से खेलते हुए निकल गए। उसके बाद दोनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने दोनों बच्चों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। एएसपी आयुश विक्रम सिंह का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ इस मामले में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गयी। पुलिस ने दोनों बच्चों की तलाश शुरु कर दी। एएसपी ने बताया कि दोनों बच्चों की तलाश के लिए शहर के लगभग 100 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। दोनों बच्चों को आखिरी बार रेलवे स्टेशन पर देखा गया। पुलिस ने इस संबंध में जीआरपी व आरपीएफ से भी सम्पर्क किया। दोनों बच्चों की फोटो आसपास के थानों पर भेजी गयी। पुलिस को जानकारी हुई कि दोनों बच्चों को कानपुर में देखा गया है। कच्ची सडक चौकी इंजार्ज ललित कसाना पुलिस टीम के साथ कानपुर पहुंचे और दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर वापस ले आए। पुलिस ने बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।