मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय गो-तस्कर अकबर बंजारा की 26 करोड़ की संपत्ति चिन्हित करने के बाद पुलिस ने जब्तीकरण की संस्तुति की है। डीएम के आदेश पर संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने दावा किया है कि अकबर बंजारा ने अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित की है।
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-11 में अकबर का आलीशान बंगला है। तीन मकान फलावदा कस्बे में हैं। 155 बीघा कृषि भूमि बहसूमा में है। 20 बीघा महलका, 18 बीघा नारनौल, 20 बीघा मारवाड़ी, नौ बीघा फलावदा और नौ बीघा जमीन बदनौरा में है।
वहीं लिसाड़ीगेट के सौ फुटा रोड पर 15 दुकानें और तीन मकान भी अकबर ने बना रखे हैं। समसपुर में 53 बीघे का आम का बाग है, जो तरुण मांगलिक से खरीदा था। अकेले इस बाग की कीमत सात करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
एसपी देहात ने बताया कि सभी संपत्ति की कीमत 26 करोड़ मानी गई है। उसके अलावा भी अकबर बंजारा की संपत्ति ढूंढी जा रही है।
बता दें कि फलावदा पुलिस ने अकबर बंजारा के भाई सलीम बंजारा, गांव के ही बाबू खां, पंजाब के रंजीत कुमार और संभलहेड़ा (मुजफ्फरनगर) के इकबाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। चारों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी हैं। आरोपियो को जेल भेजने के बाद अकबर की संपत्ति की जब्तीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।