मुजफ्फरनगर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ही भाजपा को रोकेगी और सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने संगठन सृजन अभियान की समीक्षा करते हुए कांग्रेस के जिला एवं शहर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के अलावा सभी फ्रंटल संगठनों, नगर पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों व न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर गठित कमैटियों के अध्यक्षों से बात की। प्रदेश अध्यक्ष ने 29 सितंबर को मेरठ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की प्रस्तावित रैली की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियो से बात की और दावा किया कि करीब 200 बसें जिले से रैली में जाएंगी।
गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जनपद में पुरानी घास मंडी स्थित आफताब वेंक्वेट हॉल में पहुंचे। यहां पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक व दीपक कुमार (पूर्व मंत्री), प्रदेश महासचिव व वेस्ट यूपी प्रभारी डा. संजीव शर्मा और जिला संगठन प्रभारी मोनिंदर सूद बाल्मीकि, जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा व नगर अध्यक्ष जुनैद रऊफ ने उनका स्वागत किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने उन्होंने पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों के साथ संगठन तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की मेरठ में प्रस्तावित रैली की तैयारियों पर चर्चा की। जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा ने बताया कि वह सभी 85 न्याय पंचायत स्तर तक कांग्रेस की कमेटी नियुक्त कर चुके हैं।
अजय कुमार लल्लू ने सभी ब्लॉक अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष व न्याय पंचायत अध्यक्षों व पदाधिारियों से बात की। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस ही 2022 के चुनावों में यूपी में भाजपा को रोकने में सक्षम है। जनता भाजपा के कुशासन से मुक्ति के लिए कांग्रेस की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की 29 सितंबर को मेरठ में प्रस्तावित महारैली की तैयारियों को लेकर उन्होंने तमाम पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से पहुंचने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में फिर से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इसके लिए सभी को तैयार रहना है। उन्होंने मेरठ की रैली को भी सफल बनाने की अपील की। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक, पूर्व मंत्री व प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुबोध कुमार शर्मा, महानगर अध्यक्ष जुनैद रऊफ, गुफरान काजमी, अनिल दत्त शर्मा, संजीव त्यागी, युगल किशोर भारती, ब्रजभूषण शर्मा, बिलकीस चौधरी, गीता काकरान, रजत सिंघल, अरशद सिद्दीकी, आकाश त्यागी समेत तमाम नेता उपस्थित रहे।