खतौली। उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने जीएसटी कार्यालय खतौली से मुजफ्फरनगर स्थानांतरण करने का विरोध किया है। बुधवार को व्यापारियों ने मांगपत्र भाजपा विधायक विक्रम सैनी को दिया। व्यापारियों ने बताया कि 1978 में बिक्री कर कार्यालय खतौली में खुला था। जिस समय कार्यालय खोला गया था, उस वक्त खतौली की जनसंख्या करीब दस हजार थी। पंजीकृत व्यापारियों की संख्या भी करीब एक हजार थी। वर्तमान खतौली की कई गुणा जनसंख्या बढ़ गई है। पंजीकृत व्यापारियों की संख्या भी पांच हजार के आसपास है। कार्यालय स्थानांतरण होने से व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मांग की है कि कार्यालय को मुजफ्फरनगर स्थानांतरण नहीं किया जाना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में महेश कुमार गुप्ता, जगदीश, नासिर सिद्दीकी, सुरेश आर्य आदि शामिल रहे।