मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में जुमे की नमाज से एक दिन पहले विहिप तथा बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मुसलमानों पर कट्टरपंथ का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। नगर पालिका प्रांगण में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। जिसके उपरांत सीओ सिटी को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया गया। जिसमें इस्लामिक जेहाद पर रोक लगाने तथा जुमे के दिन होने वाले प्रदर्शनों को रोकने की मांग की गई।
विहिप तथा बजरंग दल कार्यकर्ता गुरुवार को नगर पालिका प्रांगण पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा की निंदा करते हुए हुनमान चालीसा का पाठ किया गया। जिसके बाद राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सीओ सिटी कुलदीप सिंह को दिया गया। जिसमें विहिप तथा बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में जिहादी मानसिकता हावी होती जा रही है। हिंसक मानसिकता वाले लोग अनर्गल हंगामा एवं पथराव कर रहे हैं। जिससे देश की संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। आरोप है कि देश भर में धार्मिक शोभा यात्राओं पर पथराव किया जाता है। हिंदुओं के देश में उनके आरध्य हिंदू देवी देवताओं को अपमानित किया जा रहा है।
विहिप तथा बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने केरल तथा पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों की सरकारों पर आरोप लगाया कि वे इस्लामिक जेहादी मानसिकता वाले लोगों का साथ दे रही हैं। कहा कि नुपुर शर्मा तथा नवीन जिंदल जैसे लोगों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कहा कि उन्होंने किसी भी धर्म संप्रदाय के बारे में कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की।
विहिप तथा बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जुमे की नमाज के बाद अराजक तत्वों पर निगरानी रखी जाए। किसी भी सूरत में लोगों को कानून हाथ में देने की छूट न दी जाए।अराजक तत्वों से जिन लोगों को धमकियां मिल रही है उन्हें उचित पुलिस सुरक्षा प्रदान कराई जाए। इस मौके पर अनमोल सिंघल, पियूष राजा, नवनीत सैनी, मनोज मोघा, आशुतोष कश्यप आदि शामिल रहे।