मुजफ्फरनगर । पश्चिमी यूपी में आत्महत्या के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को मुजफ्फरनगर जनपद के रतनपुरी थानाक्षेत्र निवासी एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि वह पत्नी से हुए विवाद के बाद अवसाद में चल रहा था। वहीं सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार रतनपुरी थानाक्षेत्र के गांव कितास निवासी 35 वर्षीय रामकुमार उर्फ सोनू पुत्र राजपाल सिंह अपने घर पर ही था। आज सुबह आठ बजे उसने तमंचे से अपनी कनपटी पर रखकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
बताया गया कि रामकुमार का अपनी पत्नी वंदना से करीब ढाई साल से विवाद चल रहा था। वह अपने मायके खतौली गई हुई थी। कई बार पत्नी को लाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं आई। इसी कारण रामकुमार अवसाद में चल रहा था। आज सुबह उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
वहीं घटना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आत्महत्या में प्रयुक्त तमंचा अपने कब्जे में ले लिया हैं। बताया गया कि मृतक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता राजपाल की कई साल पहले मृत्यु हो चुकी है।