मुज़फ्फरनगर। प्रदेश के मंत्रीमंडल विस्तार में रालोद कोटे से पुरकाजी विधायक अनिल कुमार को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह की कॉल के बाद उनके मंत्री बनने की पुष्टि हुई। कॉल के बाद ही अनिल कुमार अपने समर्थकों के साथ लखनऊ पहुंच गए। विधायक मूल रूप से सहारनपुर के गांव तहारपुर के रहने वाले हैं।
पुरकाजी सुरक्षित सीट से रालोद के सिंबल पर अनिल कुमार ने भाजपा के प्रत्याशी पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल को हराया था। चुनाव से पहले अनिल कुमार सपा में सक्रिय थे, लेकिन रालोद के सिंबल पर चुनाव लड़कर वह तीसरी बार विधायक चुने गए थे। इससे पहले चरथावल सुरक्षित सीट से बसपा के टिकट पर वह पहली बार विधायक बने थे। वर्ष 2012 में परिसीमन के बाद सुरक्षित सीट पुरकाजी बनीं। अनिल कुमार दूसरी बार पुरकाजी से विधायक चुने गए थे। वर्ष 2017 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2022 में वह रालोद के सिंबल पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।
पुरकाजी सुरक्षित सीट से रालोद विधायक अनिल कुमार ने कहा कि उन्हें रालोद अध्यक्ष जयंत सिह ने लखनऊ जाने के लिए कहा है। बड़ी जिम्मेदारी देने की बात हुई है। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। एनडीए गठबंधन यूपी में क्लीन स्वीप करेगा। मंत्री बनने जा रहे अनिल कुमार ने अब तक चार चुनाव लड़े हैं। पहली बार 2007 में बसपा के टिकट पर चरथावल सुरक्षित सीट से विधायक चुने गए थे।
नए परिसीमन के बाद 2012 में वह बसपा के टिकट पर पुरकाजी सुरक्षित सीट से दूसरी बार विधायक बनें थे, लेकिन 2017 में चुनाव हार गए। वर्ष 2022 के चुनाव से पहले वह सपा में शामिल हुए। एन वक्त पर गठबंधन में सीट रालोद के हिस्से में आई, जिसके चलते वह रालोद में शामिल हुए और विधायक चुने गए थे। अब रालोद के कोटे से ही मंत्रालय मिलने जा रहा है।