देवबंद। हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची का बयान एक बार फिर सुर्खियो में है। उन्होंने कहा कि दारुल उलूम और बड़ी मस्जिद का भी सर्वे होना चाहिए। अगर इनकी खोदाई कराई जाए तो यहां पर भी मंदिर निकलेगा। शनिवार को देवबंद में आबकारी रोड स्थित निजी कार्यक्रम में पहुंचीं साध्वी प्राची ने मीडिया से बातचीत करते हुए यह बयान दिया।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के अंदर मंदिरों को तोड़कर जो मस्जिदें बनाई गई हैं अब वापस लेने का समय आ गया है। अयोध्या अब हमारी है काशी और मथुरा की बारी है। देवबंद में भी पता चला है कि यहां पर जो बड़ी मस्जिद (रशीदिया) है उसका सर्वे होना चाहिए और खोदाई होनी चाहिए।
दारुल उलूम को लेकर कहा कि यहां पर क्या समस्या है। दारुल उलूम का भी सर्वे होकर खोदाई होनी चाहिए। दारुल उलूम की खोदाई कराई जाए तो यहां पर भी मंदिर निकलेगा। सर्वे चल ही रहे हैं एक साथ ही सर्वे हो जाए। साध्वी प्राची का यह बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि दारुल उलूम प्रबंधन की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की गई, लेकिन इस बयान को लेकर साध्वी प्राची एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बता दें, कि साध्वी प्राची बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहती हैं।