मध्य प्रदेश के देवास जिला स्थित कन्नौद में बतौर एसडीएम पोस्ट प्रिया वर्मा ने शादी रचा है। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रिया वर्मा ने शादी की तस्वीरें पोस्ट की हैं। उनकी फोटोज को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। बता दें कि यह वही प्रिया वर्मा हैं, जिन्होंने सीएए के समर्थन में रैली कर रहे भाजपा नेता को थप्पड़ मारा था। प्रिया वर्मा का यह वीडियो खूब वायरल हुआ था।

डीएसपी से रचाई शादी
प्रिया मूलरूप से मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित मांगलिया गांव की रहने वाली हैं। प्रिया ने आशीष पटेल के साथ शादी रचाई है। आशीष पटेल फिलहाल डीएसपी के पद पर तैनात हैं। दोनों ने शुक्रवार को देवास के कन्नौद में ही सात फेरे लिए। प्रिया ने अपनी शादी की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा है, लाखों जज्बात, हजारों विचार, सैकड़ों यादें, सिर्फ एक इंसान के लिए। इसके बाद उन्होंने दिल वाली इमोजी भी बनाई है। उनकी इस पोस्ट पर करीब 40 हजार लाइक्स और तकरीबन 4 हजार कमेंट्स आए हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में पति आशीष पटेल को टैग भी किया है।

2017 में बनी थीं डिप्टी कलेक्टर
बता दें कि प्रिया ने साल 2014 में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल की थी। 2015 में वह डीएसपी बन गई थीं, लेकिन उन्होंने तैयारी का सिलसिला जारी रखा। इसका नतीजा यह रहा था कि 2017 में उनका चयन बतौर डिप्टी कलेक्टर हो गया। दैनिक भास्कर के मुताबिक प्रिया ने अपने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि वह 14 घंटे तक पढ़ाई करती हैं।

जनवरी 2020 में मारा था थप्पड़
बता दें कि प्रिया वर्मा उन दिनों राजगढ़ में बतौर एसडीएम तैनात थीं। प्रिया वर्मा द्वारा भाजपा नेता को थप्पड़ मारने पर शिवराज सिंह चौहान ने ऐतराज किया था। बता दें कि यह घटना जनवरी 2020 की है। उस वक्त मध्य प्रदेश में कांग्रेस का शासन था और शिवराज सिंह चौहान तब विपक्ष में थे।