मुजफ्फरनगर। शहर में दो लोगों की लाशें मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरु कर दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक लोगों ने रोडवेज बस अड्डे के सामने गली में एक लगभग 55 वर्षीय अधेड़ का शव पड़े देखा तो यह सूचना थाना सिविल लाइन पुलिस को दी गई। पुलिस ने पहुंच कर जानकारी की। पुलिस का कहना है कि मृतक मैले कुचले कपड़े पहने था। संभवतः बीमारी से उसकी मौत हुई है।
इसके अलावा रोडवेज अड्डे से प्रकाश चौक के बीच लगभग 53 वर्षीय अधेड़ बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसके पास में एक बैग व थैला भी पड़ा था। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया तो वहां उसे मृत घोषित कर दिया। अधेड़ को जहर खुरानी गिरोह का शिकार होना माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक एक अधेड़ की पहचान आधार कार्ड के माध्यम से पंजाब के मोहाली क्षेत्र के गांव फतहपुर निवासी भूपेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह धान काटने की कंबाइन मशीन को मध्य प्रदेश छोड़कर बस से मुजफ्फरनगर पहुंचा था। दूसरे मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।