मुजफ्फरनगर। नगर पालिका के सीमा विस्तार को लेकर हुए वार्ड परिसीमन पर सात आपत्ति आयी है। भाजपा के कई सभासद और अन्य सभासदों ने वार्ड परिसीमन को लेकर आपत्ति दर्ज करायी है। नगर पालिका के द्वारा किए गए वार्ड परिसीमन के कार्य से करीब 75 प्रतिशत से अधिक वार्ड प्रभावित हुए है। उधर नगर पालिका में आयी सभी आपत्तियों को निस्तारण के लिए डीएम कार्यालय में भेजा गया है। डीएम स्तर से रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

नगर पालिका का सीमा विस्तार के लिए वार्ड परिसीमन का कार्य पूर्ण किया गया है। वार्ड परिसीमन के दौरान नगर पालिका में दस नए वार्डों की बढोत्तरी हुई है। पूर्व में नगर पालिका में 50 वार्ड थे, लेकिन वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया के बाद अब नगर पालिका में 60 वार्ड हो गए है। नगर पालिका ने सीमा विस्तार में 11 गांव को शामिल किया है। ग्राम पंचायत सरवट के चार वार्ड बनाए गए है। ग्राम पंचायत कूकडा के तीन वार्ड बनाए गए है। ग्राम पंचायत सहावली और बीबीपुर का एक वार्ड बनाया गया है। ग्राम पंचायत अलमासपुर के दो वार्ड बनाए गए है। ग्राम पंचायत सुजडू के तीन वार्ड बनाए गए है। ग्राम पंचायत वहलना, मीरापुर और मंधेडा का एक वार्ड बनाया गया है। ग्राम पंचायत शहाबुद्दीनपुर के दो वार्ड बनाए गए है। नगर पालिका ने ग्राम पंचायत सरवट से नगर पालिका ने वार्ड बनाने की शुरूआत की है। नगर पालिका ईओ हेमराज सिंह ने बताया कि नगर पालिका के वार्ड परिसीमन को लेकर सात आपत्तियां आयी है। सभासद पवन कुमार, राजकुमार सिद्धार्थ, राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, दिलशाद, पवन, केशव आदि ने आपत्ति दर्ज करायी है। नगर पालिका में आयी सभी आपत्तियों को डीएम कार्यालय में भेजा गया है। यहां से रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।