स्पेशल सेल की टीम ने जानू हत्याकांड केस में अवैध हथियार सप्लाई करने के आरोपी मुजफ्फरनगर के गांव दधेडू निवासी शहनवाज को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपी से पूछताछ में पता लगा कि उसने चार देसी पिस्टल हत्यारोपी सचिन पंडित और उसके साथियों को बेचे थे।

यह उसने मुजफ्फरनगर से ही उपलब्ध कराए थे। आरोपी का रिमांड पूरा होने के बाद जेल भेजा। आरोपी शहनवाज एक अन्य केस में जगाधरी जेल में बंद था। इंचार्ज राजेश राणा ने बताया कि भाटिया नगर निवासी मनोज और सुढैल निवासी सचिन पंडित के साथ चूना भट्टी निवासी जानू वाल्मीकि की अवैध शराब के लिए रंजिश थी। इसके अलावा दो साल पहले होली के दिन सचिन पंडित पर भी जानू वाल्मीकि और उसके साथियों ने हमला कर घायल कर दिया था।

इससे यह रंजिश और बढ़ गई। इसी रंजिश में 15 अप्रैल 2022 को शादी समारोह से बाहर निकलते हुए जानू वाल्मीकि की गोलियां मारकर हत्या कर दी। इससे पहले भी इन आरोपियों ने 30 दिसंबर 2021 को जानू पर हमला कर चुके थे। उसे गोलियां मारी गई थी। इस केस में मनोज, सुमित, पीयूष आदि आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अभी मुख्य आरोपी सचिन पंडित फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। उसको भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा