नई दिल्ली। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर जल्द पहुंचने के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून केरल की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह के मध्य तक प्रदेश में इसके दस्तक देने की संभावना जताई है। मौसम विभाग (आइएमडी) ने बताया कि सप्ताह के अंत तक केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बनी रहेंगी।
अगर इस हफ्ते के अंत तक केरल में दक्षिण पश्चिम मानसून की शुरुआत होती है, तो हाल के वर्षो में ऐसा पहली बार होगा। इससे पहले मानसून 2009 में 23 मई को केरल पहुंचा था। इससे पहले मौसम विभाग ने पांच दिन पहले 27 मई तक केरल में मानसून पहुंचने की भविष्यवाणी की थी। आम तौर पर केरल में एक जून को मानसून पहुंचता है।
इस बीच मौसम विभाग ने बेंगलुरु, दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़, बगलकोट, चिकमंगलुरु, मैसूर, हावेरी, गडग, रायचूर, मांड्या, चित्रदुर्ग, दावणगेरे, कोप्पल, बेल्लारी और शिवमोगा में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं तथा गरज के साथ बिजली गिरने का अनुमान व्यक्त किया है। इधर केरल में मूसलाधार बारिश के चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 12 जिलों में पूरे दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी ने पहले पूर्वानुमान जताया था कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 मई तक राज्य में दस्तक दे सकता है। इस बार मानसून के सामान्य तारीख से पांच दिन पहले आने के आसार हैं। केरल में मूसलाधार बारिश जारी है। इसके चलते मौसम विभाग ने गुरुवार को तिरुवनंतपुरम और कोल्लम को छोड़कर 12 जिलों में पूरे दिन के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया था। बारिश के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर में अगले दिन-चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इस बीच असम में बाढ़ की स्थिति गुरुवार को और बिगड़ गई। एक व्यक्ति की डूबने से मौत होने के साथ ही बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या 10 हो गई है। राज्य के 27 जिलों में करीब 7.18 लाख लोग प्रभावित हैं। नागांव सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है जहां 3.31 लाख लोग प्रभावित हैं। वर्तमान में 1,790 गांव डूबे हुए हैं और 63,970.62 हेक्टेयर में फसल बर्बाद हो गई है। सेना, अर्धसैनिक बल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नागरिक प्रशासन और प्रशिक्षित स्वयंसेवक राहत एवं बचाव कार्यो में लगे हुए हैं।
कब किस राज्य में पहुंचेगा मानसून
-10 से 15 जून को झारखंड और बिहार पहुंचेगा मानसून
-05 जून आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, असम
-10 जून पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, महाराष्ट्र
-15 जून को छत्तीसगढ़
-20 जून गुजरात, मध्य प्रदेश, यूपी, उत्तराखंड
-25 जून राजस्थान, हिमाचल
-30 जून हरियाणा, पंजाब