शामली। शामली में रालोद और सपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अपने संयुक्त प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। दोनों दलों ने समाजवादी पार्टी के समर्थन से वार्ड नंबर एक से जीतकर आई अंजलि पत्नी नीरज निवासी दखौड़ी जमालपुर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। 

रालोद जिला अध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन एवं सपा के वरिष्ठ नेता सुधीर पंवार ने संयुक्त रूप से रालोद कार्यालय पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। एक दिन पहले वार्ड आठ से जिला पंचायत सदस्य बबली देवी के पति राकेश को रालोद की सदस्यता ग्रहण कराई गई थी।

माना जा रहा था कि रालोद बबली देवी को अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतार सकती है लेकिन, रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी एवं सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश के बाद दोनों दलों ने अंजलि को संयुक्त प्रत्याशी घोषित किया। 

उधर, भाजपा ने अभी अपने प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अध्यक्ष का पद एससी महिला के लिए आरक्षित है। बबली के पति के रालोद में शामिल होने और अंजलि के विपक्ष का उम्मीदवार बनने के बाद केवल मधु गुर्जर ही अनुसूचित जाति की महिला जिला पंचायत सदस्य बची हैं। वह भाजपा के समर्थन से जीती हैं। इसलिए भाजपा के पास उनके अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है।