मुजफ्फरनगर। होली के हुल्लास में कोई खलल न डाल सके इसके मद्देनजर SSP अभिषेक यादव स्वयं सड़क पर उतर गए। उन्होंने हर चौराहा पर जाकर ड्यूटी दे रही पुलिस को निर्देशित किया कि किसी भी हुड़दंगी को बख्शा न जाए। उन्होंने अपील की कि होली का पर्व शांति और सद्भाव से मनाया जाए।
होली पर्व की खुशियां किसी भी सूरत में अराजकता में तब्दील न हों। पुलिस इस बात को लेकर पहले से ही काफी सजग रही। पूर्व में ही शांति समितियों की बैठक व प्रेस ब्रीफिंग में एसएसपी व डीएम ने साफ कर दिया था कि होली की आड़ में किसी को भी अराजकता की इजाजत नहीं दी जाएगी।
शुक्रवार को सुबह से ही शहर में होली पर्व के रंग बिखरना शुरू हो गए। कानून व्यवस्था बनाए रखने व शांति बहाल रखने के उद्देश्य से पुलिस चौकन्ना दिखाई दी। एसएसपी अभिषेक यादव ने सड़कों पर उतरकर स्वयं शांति व्यवस्था बनाए रखने की कमान संभाली। उन्होंने महावीर चौक आदि चौराहों पर जाकर ड्यूटी दे रहे पुलिस कर्मियों को एक बार फिर से ब्रीफ किया। साफ कहा कि कानून व्यवस्था बनी रहनी चाहिए।
किसी भी हुड़दंगी को बख्शा न जाए। निर्देशित किया कि शांत से होली मना रहे लोगो के साथ सदभाव व प्यार के साथ पेश आया जाए। उन्होंने किसी भी लापरवाही पर अधिनस्थ पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के लिए तैयार रहने की भी चेतावनी दी।