सरधना। मोहल्ला घोसियान में तालाब की भूमि पर चारदीवारी के बाद भराव हो गया। मंगलवार को टीम पैमाइश करने पहुंची और खानापूर्ति कर वापस लौट आई। शिकायतकर्ता ने लेखपाल की मिलीभगत पर ही सरकारी भूमि पर कब्जा होने का आरोप लगाया है।
बता दें कि मोहल्ला घोसियान में तालाब की भूमि पर अवैध रूप से पहले चारदीवारी की गई। उसके बाद उस पर भराव भी कर दिया गया। सूचना पर पालिका अधिकारी पहुंचते थे और लेखपाल से पैमाइश कराने की बात कहकर लौट आते थे। इसी बीच कब्जाधारियों ने भूमि पर भराव कर उसे पूरी तरह से अपने कब्जे में कर लिया। पालिका ईओ शशि प्रभा चौधरी ने लगभग सात पत्र लेखपाल को पैमाइश के लिए लिखे। मंगलवार का पालिका टीम को साथ लेकर हल्का लेखपाल प्रह्लाद सिंह भूमि की पैमाइश करने घोसियान पहुंचे। पैमाइश के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई। फीता लेकर इधर उधर टीम भटकती रही। बाद में टीम वहां से लौट आई। टीम द्वारा की गई इस पैमाइश से शिकायकर्ता वकील गुर्जर भी संतुष्ट नहीं है। उनका आरोप है कि लेखपाल और पालिका टीम की मिलभगत से ही सरकारी भूमि पर कब्जा हुआ है। उन्होंने इस मामले में कोर्ट जाने की बात कही है।
तालाब की भूमि की पैमाइश कर दी गई है। रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को सौंप दी जाएगी। यदि शिकायतकर्ता इससे संतुष्ट नहीं है तो वे अधिकारियों से मिल सकते है- प्रहलाद सिंह, लेखपाल सरधना।