नई दिल्ली। दिवाली से पहले केंद्र की मोदी सरकार ने कर्मचारियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल, केंद्र की ओर से राज्य कर्मचारियों, राज्य के स्वामित्व वाले उद्यमों और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को दी जाने वाली LTC कैश वाउचर योजना के तहत एक और सुविधा दी है। इसके तहत अब कर्मचारी पत्नी या परिवार के अन्य सदस्यों के नाम से कोई वस्तु या सेवा खरीद सकेंगे। लेकिन ये सदस्य LTC किराया पाने के योग्य होने चाहिए।

क्या कहा वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने?
इस मामले में वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने स्पष्ट किया कि अगर किसी कर्मचारी द्वारा औपचारिक तौर पर इस योजना में शामिल होने का ऑप्शन नहीं चुना गया है तो उसकी तरफ से 12 अक्टूबर या इसके बाद 12 प्रतिशत से ज्यादा GST वाली वस्तु या सेवा खरीद पर कैश पाने का दावा किया जा सकता है।

इन लोगों के नाम पर खरीदा जा सकता है उत्पाद
व्यय विभाग की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि LTC कैश वाउचर योजना के तहत पति, पत्नी या परिवार के किसी अन्य सदस्य के नाम सामान और सेवाओं को खरीदा जा सकता है, जो एलटीसी के लिए योग्य हैं। जानकारी के लिए आपको बता दें कि मोदी सरकार की तरफ से हाल ही में देश की अर्थव्यवस्था में मांग को बढ़ाने के लिए इस साल कर्मचारियों को एलटीसी के एवज में कैश वाउचर देने का ऐलान किया गया है।

सरकार चार साल में कर्मचारियों को देती है LTC
बता दें कि कर्मचारी कैश वाउचर का इस्तेमाल केवल उन गैर-खाद्य सामानों को खरीदने में कर सकते हैं, जिन पर GST लगता है। जिन उत्पाद पर GST की दर 12 फीसदी या फिर उससे अधिक है, उन उत्पादों को खरीदने के लिए वाउचर का इस्तेमाल किया जा सकता है। बता दें कि सरकार की तरफ से हर चार साल में कर्मचारियों को उनकी मनपसंद के किसी डेस्टिनेशन की यात्रा के लिए LTC दिया जाता है। इसके अलावा एक LTC उनके गृह राज्य की यात्रा के लिए भी दिया जाता है।