शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में किराए पर रह रहे मुजफ्फरनगर के शख्स की लाश पंखे पर लटकी मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मामले की छानबीन शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिला मुजफ्फरनगर के थाना फुगाना क्षेत्र के गांव कुरावा के मूल निवासी इकबाल (40) करीब दो साल से शामली में किराये के मकान में परिवार सहित रहता था। फिलहाल वह आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कालोनी में किराये के मकान में पत्नी दुर्गा देवी व दो बच्चों के साथ रह रहा था। वह शामली में फलों का ठेला लगाता था।
शुक्रवार रात को दुर्गा दोनों बच्चों के साथ एक कमरे में सोई थी जबकि इकबाल दूसरे कमरे में सोया था। शनिवार सुबह परिजन जब उठे तो उन्होंने इकबाल का शव पंखे से रस्सी के सहारे फंदे पर लटका हुआ पाया। यह देखकर पत्नी व बच्चों में कोहराम मच गया। आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। परिजन व रिश्तेदार भी पहुंच गए।
सूचना मिलने पर थाना पुलिस के साथ एएसपी ओपी सिंह व सीओ सिटी श्याम सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि युवक ने आत्महत्या की है।
पुलिस गृह क्लेश के चलते युवक के आत्महत्या करना मान रही है हालांकि परिजनों ने अभी तक आत्महत्या करने की वजह के बारे में स्पष्ट नहीं बताया है। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष ने बताया परिजनों की तरफ से युवक द्वारा आत्महत्या करने की सूचना पर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।