मुजफ्फरनगर। सोमवार दोपहर बाद दो दर्जन यात्रियों को लेकर भौराकलां से शाहपुर जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस दौरान यात्रियों में चीख पुकार मच गई। खेतों में काम कर रहे किसानों ने यात्रियों को बस से निकला। दुर्घटना में एक यात्री को गंभीर चोट आई है। उसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
शामली से वाया भौराकलां होकर शाहपुर के लिए प्राइवेट बस चलतीं हैं। दोपहर बाद लगभग दो बजे एक बस दो दर्जन से अधिक यात्रियों को शाहपुर के लिए चली थी। जब यह बस भौराकलां में यात्रियों को उतार कर शाहपुर के लिए चली को रास्ते में गढ़ी नोआबाद के जंगल में सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक अचानक संतुलन खो बैठा और बस सड़क किनारे खेत में पलट गई।
बस पलटने से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम करने वाले किसान व मजदूर मौके पर पहुंचे और उन्होंने यात्रियों को बस से निकाला। बस पलट जाने के कारण कई सवारियां घायल हो गईं। इनमें शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी प्रवेश पुत्र कबाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रवेश को शाहपुर अस्पताल में भर्ती कराया।