चंडीगढ़. भाजपा नेता सोनाली फोगाट का निधन हो गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक दिल का दौरा पड़ने से अभिनेत्री की मृत्यु हो गई है। उन्होंने सोमवार की रात गोवा में अंतिम सांस ली। बता दें कि राजनीति में सक्रिय होने से पहले सोनाली फाेगाट अभिनय और मॉडलिंग की दुनिया में जलवा बिखेर रही थीं। हालांकि उन्हें असली पहचान बिग बॉस 14 से मिली थी।

सोनाली ने अपने करियर की शुरुआत साल 2006 में एंकरिंग से की थी। वह हिसार दूरदर्शन के लिए एंकरिंग करती थीं। दो साल बाद 2008 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली और तब से वह राजनीति में सक्रिय हो गई थीं। हालांकि, सोशल मीडिया के जरिए वह अपने अभिनय और मॉडलिंग के शौक को जाहिर करती रहीं। उन्होंने निधन से कुछ घंटे पहले ही अपना एक वीडियो भी पोस्ट किया था। जो अब सोशल मीडिया पर वारयल हो रहा है।

सोनाली फोगाट के पति संजय की मौत साल 2016 में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। उस वक्त सोनाल वहां नहीं थी। वह मुंबई में थीं। बिग बॉस 14 के दौरान उन्होंने खुलासा किया था कि उनके पति के निधन के बाद बहुत से लोगों ने उनका मानसिक उत्पीड़न करने की कोशिश की थी। उस समय वे काफी अकेली पड़ गई थीं।

बता दें कि सोनाली फोगाट पंजाबी और हरियाणवी फिल्में, म्यूजिक वीडियोज कर चुकी हैं। उन्होंने साल 2019 में फिल्म ‘छोरियां छोरों से कम नहीं होती’ में काम किया था। यह उनकी पहली और आखिरी फिल्म थी। इसके बाद वह 2019 में ही भाजपा की टिकट पर हरियाणा विधानसभा चुनाव में हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरी थीं। हालांकि, वह चुनाव हार गई थीं।

पिछले दिनों सोनाली फोगाट आदमपुर के पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने पर काफी नाराज दिखी थीं। उन्होंने कहा था मैं हूं हरियाणा की जाट, नाम है सोनाली फौगाट, कर दूंगी सबकी खड़ी खाट और आगे-आगे देखिए सोनाली फौगाट के ठाठ।