मुजफ्फरनगर। शहर के आर्य समाज रोड स्थित जूता कारोबारी की पुत्रवधू को तीन दिन पहले अपने ही आवास में संदिग्ध रूप से गोली लगने के मामले में आज सौम्या अग्रवाल के परिजनों की तहरीर पर दहेज के लिए हत्या के प्रयास का मुकदमा थाना सिविल लाइन में दर्ज हो गया है। गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स भर्ती सौम्या अग्रवाल की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई हैं । जूता कारोबारी अजय अग्रवाल व उनके परिजन इस संबंध में फिलहाल कुछ भी जानकारी नहीं दे रहे हैं।
सिविल लाइंन थाना क्षेत्र के आर्य समाज रोड पर लिबर्टी शूज का शोरूम चलाने वाले कारोबारी अजय अग्रवाल की पुत्रवधू सौम्या अग्रवाल तीन दिन पहले सोमवार देर रात घर पर ही थी।इसी दौरान संदिग्ध हालात में चली गोली लगने से वे लहूलुहान हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन उस कक्ष में पहुंचे, जहां महिला अचेत अवस्था में पड़ी थी। परिजन तत्काल महिला को जिला अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया था।
इसके बाद महिला को ऋषिकेश एम्स में ले जाकर भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची सिविल लाइंस थाना पुलिस ने गोली लगने वाले कमरे को सील कर दिया था, जहां गोली चलने की संभावनाओं की तलाश करते हुए साक्ष्य संकलन किया गया। जूता कारोबारी अजय अग्रवाल व उनके परिजन इस मामले को लेकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। इसी बीच आज सुबह घायल महिला सौम्या अग्रवाल के परिजन थाना सिविल लाइन पहुंचे और एक तहरीर देकर दहेज के लिए हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है।